Kumaon News: उत्तराखंड में काल बनी ट्रेन, जाम में फंसी एंबुलेंस…जंगल में दिखा आग का तांडव

अल्मोड़ा के चितई में हाईवे तक पहुंची जंगल की आग। परिवहन निगम का पिथौरागढ़ डिपो बसों की कमी से जूझ रहा है। पिछले 10 वर्षों में पिथौरागढ़ में 14 रूटों में बस सेवा बंद हो गई है जिस कारण यात्री महंगा सफर तय करने के लिए मजबूर हैं।

1- हल्द्वानी शहर में तापमान के लिहाज से शुक्रवार अब तक का सर्वाधिक गर्म दिन रहा है। हल्द्वानी का अधिकतम पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इतनी गर्मी पहले कभी नहीं हुई।

2- गूलरभोज में मां के पीछे जा रही तीन साल की मासूम ट्रेन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई। सिर पर चोट लगने उसने मां के सामने ही दम तोड़ दिया। परिजन बिना कोई कार्रवाई किए बच्ची का शव को घर ले गए। आंखों के सामने बेटी की मौत से महिला बेसुध है।
3- पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन रोजाना घंटों जाम में फंसे रहने वाले सैलानियों और श्रद्धालुओं को इस समस्या से निजात नहीं दिला पा रहा है। शुक्रवार को भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते गरमपानी और खैरना बाजार में लंबा जाम लगने से वाहन चालकों, यात्रियों और सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं गरमपानी बाजार में हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर मरीज लेकर जा रही एक एबुलेंस 20 मिनट तक जाम में फंसी रही। एबुलेंस में सवार मरीज और उसके परिजनों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं हल्द्वानी की ओर खाली जा रही एबुलेंस भी जाम में फंसी रही। बाद में वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने वाहनों को आगे पीछे कराकर जाम खोलकर एंबुलेंसों को निकाला।
4- चितई के पास जंगल में फिर से आग लग गई। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे तक आग पहुंचने से अफरातफरी फैल गई। यातायात पुलिस ने पेयजल टैंकर के पानी से आग पर काबू पाया।
5- परिवहन निगम का पिथौरागढ़ डिपो बसों की कमी से जूझ रहा है। पिछले 10 वर्षों में पिथौरागढ़ में 14 रूटों में बस सेवा बंद हो गई है जिस कारण यात्री महंगा सफर तय करने के लिए मजबूर हैं। बस सेवा के बंद होने से पिथौरागढ़ डिपो को भी नुकसान हो रहा है।