मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने 26 जनवरी को केंद्र को सभी बकाया राशि का भुगतान करने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया था, अन्यथा पार्टी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी।

भाजपा और टीएमसी के बीच राजनीतिक रार छिड़ी हुई है। ममता बनर्जी को लेकर भाजपा नेता सुकांत मजूमदार की टिप्पणी पर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी ने नाराजगी जताई है। टीएमसी ने उनकी टिप्पणी को महिला विरोधी बताते हुए माफी की मांग की है। वहीं, दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने मनरेगा बकाये को लेकर टीएमसी के विरोध प्रदर्शन पर उसे नसीहत दी है। भगवा पार्टी ने 10वीं और 12वीं के छात्रों को परेशान होने की बात कहते हुए विरोध प्रदर्शन न करने की अपील भी की है।
बता दें कि टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने एक वीडियो जारी कर सुकांत मजूमदार पर निशाना साधा है। उन्होंने सुकांत की टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए महिला विरोधी करार दिया है। महुआ ने सुकांत के साथ ही भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दिखाता है कि भाजपा कितनी गहराई तक डूब सकती है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा महिलाओं का अपमान करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी नारी शक्ति की बात करते हैं, लेकिन आपके राज्य भाजपा प्रमुख जनता से मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारने के लिए उकसाते हैं।
महुआ ने यह भी कहा कि इसके लिए सुकांत को माफी मांगनी चाहिए। साथ ही हम उम्मीद करते हैं कि भाजपा नेता भी इन टिप्पणियों की आलोचना करने के लिए आगे आएंगे। महुआ के अलावा, पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री शशि पंजा ने भी सुकांत की टिप्पणियों की आलोचना की है।