Uttarakhand: अमरनाथ ड्यूटी से लौट रहे ITBP जवान की ट्रेन हादसे में मौत; पार्थिव शरीर देख बिलख उठे परिजन

प्रदीप कुमार अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे में उनकी मौत हो गई।

Uttarakhand ITBP jawan returning from Amarnath duty dies in train accident Funeral In Chamoli

अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे उत्तराखंड में डुंग्री (नारायणबगड़) गांव के जांबाज आईटीबीपी जवान की पठानकोट में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मौत हो गई। आज जवान का अंतिम संस्कार नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पर किया गया।

जानकारी के अनुसार, बीती शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हुए इस हादसे में प्रदीप कुमार(35) पुत्र पातीराम की जान चली गई। प्रदीप कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे। 

बताया गया कि प्रदीप कुमार अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे में उनकी मौत हो गई। जवान की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

रविवार को जवान का पार्थिव शरीर नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पर लाया गया। तिरंगे में लिपटे अपने लाल को अंतिम दर्शन के लिए सामने देख परिजन भावुक हो उठे। मां-पिता और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी भी जवान को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े।