देहरादून एयरपोर्ट पर मौसम ने हवाई सेवाओं की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कई उड़ानों का रूट बदलने से यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई और एयरपोर्ट पर इंतजार बढ़ गया।

खराब मौसम के कारण देहरादून एयरपोर्ट पर सुबह से लेकर शाम तक हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। विभिन्न शहरों से देहरादून आ रहीं पांच उड़ानों को चंडीगढ, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, उड़ानों के देरी से एयरपोर्ट पहुंचने के कारण वापसी में भी देरी हुई। जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह 9:50 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया। वहीं, 9:55 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अमृतसर डायवर्ट कर दिया गया। जबकि 10:20 बजे दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को वापस दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
इसी तरह 11 बजे मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़ के लिए डायवर्ट करना पड़ा। जबकि 12:50 बजे हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया। इनमें से कुछ उड़ानें घंटों विलंब से डायवर्ट किए गए शहरों से वापस देहरादून पहुंचीं। सुबह के वक्त एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी मात्र 800 मीटर रह गई थी। जिस कारण अधिकांश उड़ानें एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर आसमान में ही चक्कर लगाने लगीं। स्थिति नहीं सुधरने पर इन उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया।
